नयी दिल्ली, 16 सितम्बर (वार्ता) सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ बुधवार से रूस की तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे।
रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि इस यात्रा का उद्देश्य भारत-रूस के बीच लंबे समय से चले आ रहे रक्षा सहयोग और सैन्य संबंधों को और मजबूत करना है।
जनरल धीरज सेठ को मॉस्को में औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा और वह ‘टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर’ पर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि देंगे। वह रूसी सेना के कमांडर-इन-चीफ कर्नल जनरल आंद्रेई निकोलायेविच मोर्दविचेव के साथ आपसी हित के मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इसमें सैन्य सहयोग और प्रशिक्षण से जुड़े विषय शामिल होंगे।
सेना प्रमुख मॉस्को स्थित नेशनल डिफेंस कंट्रोल सेंटर का दौरा भी करेंगे। इस दौरान वह रूसी रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। इनमें रक्षा उद्योग और खरीद से जुड़े रक्षा उप मंत्री वासिली सर्गेयेविच ओस्माकोव भी शामिल हैं। इन बैठकों में मौजूदा सैन्य घटनाक्रम और रक्षा सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर विचारों का आदान-प्रदान होगा।
दौरे के तहत जनरल सेठ सेंट पीटर्सबर्ग भी जाएंगे। वहां वह मिखाइलोव्स्काया मिलिट्री आर्टिलरी अकादमी का दौरा करेंगे और अकादमी के नेतृत्व तथा शिक्षकों से बातचीत करेंगे।
इस यात्रा में दोनों देशों के बीच सैन्य कूटनीति और सेना से सेना संबंधों को महत्व दिया गया है। इन मुलाकातों से सैन्य सहयोग को और गहरा करने तथा भारत-रूस के बीच लंबे समय से चले आ रहे रक्षा संबंधों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
Next Post
जमीनी विवाद में प्रौढ़ व्यक्ति ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
Wed Sep 16 , 2026
सिंगरौली : बरगवां थाना क्षेत्र के समीपी गांव कनई निवासी रामरेखा नामदेव उम्र 55 वर्ष को आरोपियों ने पिछले सप्ताह 9 सितंबर को बरगवां बाजार में लाठी-डंडे व धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर फरार हो गये थे। आज रामरेखा का सिंगरौली हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, […]

