जबलपुर: शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक, महंगी शिक्षा, भर्ती में गड़बड़ी और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर छात्रों की समस्याओं को सुनने और चर्चा करने के उद्देश्य से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी 19 सितंबर को इंदौर पहुंच रहे हैं, वह रीजनल पार्क के सामने इंदौर में छात्रों की गूंज नामक कार्यक्रम में शिरकत करेंगे और छात्रों से सीधा संवाद भी करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर जबलपुर कांग्रेस कमेटी द्वारा एलईडी लगाकर कार्यक्रम को देखने की तैयारी कर ली गई है वहीं शहर कांग्रेस कमेटी ने अभी तक करीब 5 हजार विद्यार्थियों के रजिस्ट्रेशन भी इंदौर में आयोजित छात्रों की गूंज कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए कर लिए हैं।
सूत्रों की माने तो जबलपुर से इंदौर के कार्यक्रम में शामिल होने करीब 10 हजार विद्यार्थी अपने अपने साधनों से पहुंचेगे और राहुल गांधी से संवाद करेंगे। नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने नवभारत को बताया कि जबलपुर कांग्रेस की ओर से इंदौर कोई नेता नहीं जा रहा है कांग्रेस द्वारा शहर में एलईडी लगाकर कार्यक्रम को देखा जाएगा। श्री शर्मा के अनुसार 5 हजार विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है जिसमें कॉलेजों के विद्यार्थी शामिल हैं।
