उदयपुर, (वार्ता) राजस्थान में उदयपुर जिले के ऋषभदेव थाना क्षेत्र में पुलिस ने अस्पताल में नर्सिंग कर्मियों से मारपीट और अभद्रता करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश (38), राकेश (32), आशीष (29) और दिलीप (28) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार कानुवाडा में गत नौ सितम्बर की शाम को सडक दुर्घटना में घायलों को 108 एंबूलेेंस के जरिए ऋषभदेव के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया गया था। अस्पताल में घायलों का उपचार समय पर कर दिया गया था। इसके बाद रात करीब नौ बजे घायलों के परिजन अत्यधिक शराब के नशे में अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने अस्पताल स्टाफ के साथ गाली-गलौज और अभद्रता करना शुरू कर दिया। उन्होंने मरीजों का सही इलाज नहीं करने का आरोप लगाते हुए नर्सिंग कर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों को आज न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
