बच्चों के सामने हत्या कर दहशत फैलाने वाले दो आरोपी पुलिस गिरफ्त में

इंदौर: हीरानगर थाना क्षेत्र के गौरीनगर स्थित जाम का बगीचा के समीप इलेक्ट्रिशियन सुरेंद्र साहू की चाकू मारकर की गई हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. हत्याकांड को अंजाम देने वाले दो मुख्य आरोपियों, विवेक साहू और सुमित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. घटना के बाद से ही इलाके में फैली दहशत और परिजनों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने शेष आरोपियों की धरपकड़ के लिए घेराबंदी तेज कर दी है.

मृतक सुरेंद्र पिता धरमदास साहू (38) रविवार को अपने साले कुलदीप की शादी की वर्षगांठ का कार्यक्रम निपटाकर घर लौट रहे थे. इस दौरान वे अपने भतीजे प्रणव और बेटे दक्ष को भी साथ ले जा रहे थे. रास्ते में शराब के नशे में धुत कुछ युवक आपस में विवाद कर रहे थे. एक युवक ने सुरेंद्र को गाली दी और मोटरसाइकिल का स्टैंड ठीक करने को लेकर टोका. सुरेंद्र द्वारा गाली का विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और बच्चों के सामने ही उन पर चाकुओं से हमला कर दिया.रिश्तेदारों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों ने सुरेंद्र को पकड़ लिया और एक आरोपी ने सीधे उनके सीने में चाकू घोंप दिया. इस दौरान सुरेंद्र को बचाने आए रिश्तेदार आशीष पर भी बदमाशों ने चाकू तानकर धमकाया था.

वारदात के बाद आरोपी बेखौफ होकर चाकू लहराते हुए फरार हो गए थे. इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें बदमाशों की क्रूरता साफ देखी जा सकती थी.हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए हीरानगर पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए विवेक साहू और सुमित को धरदबोचा है. पूछताछ में आरोपियों ने घटना से जुड़ी कई कड़ियां पुलिस के सामने खोली हैं. विवेक और सुमित को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की जा रही है.घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है, जिनकी तलाश में अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. जल्द ही वे भी सलाखों के पीछे होंगे.

Next Post

भागवत ने संस्कृत को बताया राष्ट्र की आत्मा, लोगों से की सीखने की अपील

Mon Apr 20 , 2026
नयी दिल्ली 20 अप्रैल (वार्ता) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने संस्कृत को राष्ट्र की आत्मा बताते हुए लोगों से इसे सीखने अपील की है। श्री भागवत ने दिल्ली में दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर स्थित संस्कृत भारती के केंद्रीय कार्यालय के उद्घाटन के मौके पर सोमवार को […]

You May Like