रियाद, 16 सितंबर (वार्ता) यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने दावा किया है कि सऊदी अरब के लड़ाकू विमानों ने पिछले 24 घंटों के भीतर यमन के विभिन्न इलाकों में 52 भीषण हवाई हमले किए हैं।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने आरोप लगाया कि इन हवाई हमलों में आवासीय क्षेत्रों और नागरिक बुनियादी ढांचों को जानबूझकर निशाना बनाया गया है।
हूती प्रवक्ता ने बताया कि ये हवाई हमले यमन के ताइज़, अल-जौफ़, अल-बायदा, सादा और अमरान गवर्नरेट (प्रांतों) में किए गए। उन्होंने विशेष रूप से ताइज़ प्रांत का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां सऊदी हवाई हमलों में स्कूलों, पुलों और मुख्य सड़कों को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रवक्ता याह्या सरी ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि सऊदी अरब के इन बर्बर हमलों को बिना जवाब दिए नहीं छोड़ा जाएगा और इसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
दूसरी ओर, इस घटनाक्रम के बीच सऊदी अरब ने मंगलवार को मक्का और जेद्दा सहित अपने कई प्रमुख क्षेत्रों में सुरक्षा अलर्ट जारी कीं हालांकि, इन सुरक्षा अलर्टों को कुछ ही समय बाद वापस ले लिया गया। सऊदी अधिकारियों ने तुरंत यह स्पष्ट नहीं किया कि उनके क्षेत्र में कोई मिसाइल या ड्रोन गिरा है या नहीं।
