सेंसेक्स उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में 109 अंक चढ़ा

मुंबई, 25 जून (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को प्रमुख सूचकांकों में दिनभर रहे उतार-चढ़ाव के बाद बीएसई का सेंसेक्स 109.25 अंक (0.14 प्रतिशत) की बढ़त में 77,100.47 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 34.35 अंक यानी 0.14 प्रतिशत की मजबूती के साथ 24,056 अंक पर बंद हुआ। दोनों प्रमुख सूचकांक लगातार दूसरे दिन मजबूत हुए हैं। सेंसेक्स की शुरुआत 400 अंक की बढ़त के साथ 77,391 अंक पर हुई। दोपहर तक यह ऊपर 77,803 अंक पर पहुंच गया था। हालांकि वृहत बाजार में बिकवाली के दबाव में बाद में 76,993 अंक तक टूट गया था। इस प्रकार इसमें 810 अंक का उतार-चढ़ाव देखा गया।

वृहत बाजार में गिरावट रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.58 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.47 प्रतिशत टूट गया। आईटी, धातु, फार्मा, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, रसायन और तेल एवं गैस क्षेत्र की कंपनियों पर दबाव रहा। ऑटो, एफएमसीजी, बैंकिंग और रियल्टी समूहों के सूचकांकों में तेजी रही। सेंसेक्स की कंपनियों में विमान सेवा कंपनी इंडिगा का शेयर पांच प्रतिशत के करीब चढ़ा। महिंद्रा और महिंद्रा तथा मारुति सुजुकी के शेयर साढ़े तीन से चार फीसदी के बीच मजबूत हुए।
भारतीय स्टेट बैंक और आईसीआईसीआई बैंक में एक प्रतिशत की तेजी रही। हिंदुस्तान यूनीलिवर, कोटक महिंद्रा बैंक, एलएंडटी, एचडीएफसी बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर भी ऊपर बंद हुए। पावरग्रिड का शेयर सवा दो फीसदी से ज्यादा टूट गया। बीईएल, टेक महिंद्रा, इंफोसिस, भारती एयरटेल, एनटीपीसी, बजाज फाइनेंस और एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयर एक प्रतिशत से अधिक गिर गये। एशियन पेंट्स, अडानी पोर्ट्स, बजाज फिनसर्व, ट्रेंट, टाटा स्टील, सन फार्मा, टाइटन, टीसीएस, एक्सिस बैंक और इटरनल के शेयर भी नीचे बंद हुए।

.....

Next Post

वैष्णव ने 15 दिनों के भीतर नयी वैगन डिज़ाइन नीति जारी करने के दिये निर्देश

Thu Jun 25 , 2026
नयी दिल्ली 25 जून (वार्ता) रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नये माल परिवहन स्रोतों को आकर्षित करने, ग्राहकों की सुविधा बढ़ाने तथा राष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में रेल की हिस्सेदारी में वृद्धि करने के लिए अगले 15 दिनों के भीतर नयी वैगन डिज़ाइन नीति जारी करने के निर्देश दिये हैं। श्री […]

You May Like