
बालाघाट। तिरोड़ी तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम महकेपार में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। ग्राम के नारायण कोठेकार के घर में सुबह लगभग 7 बजे अचानक आग लग गई। आग ने देखते ही देखते भीषण रूप धारण कर लिया और पूरा मकान उसकी चपेट में आ गया। घर में रखी गृहस्थी का सारा सामान, अनाज, कपड़े, बर्तन सहित सब कुछ जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार पीड़ित परिवार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
हादसे के वक्त घर के अंदर राखीचंद कोठेकार की दो बच्चियां सो रही थीं। आग से उठे घने धुएं के कारण दोनों बेहोश हो गईं और उन्हें सांस लेने में भारी कठिनाई होने लगी। परिजनों ने आनन-फानन में दोनों को तुमसर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए भंडारा रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि अब दोनों बच्चों की हालत ठीक है। घटना की सूचना पर ग्रामीणों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन तब तक सब कुछ खाक हो चुका था। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है।
