
रियाद, 15 सितंबर (वार्ता) सऊदी अरब ने मंगलवार को देश के पश्चिमी हिस्से में जेद्दा, मक्का और ताइफ में ‘संभावित खतरे’ को लेकर आपात चेतावनी जारी की और लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने तथा आधिकारिक सुरक्षा निर्देशों का पालन करने को कहा।
ये चेतावनियां सऊदी अरब और यमन के हूती समूह के बीच बढ़ते संघर्ष के बीच जारी की गयी हैं। हूती समूह ने हाल के दिनों में सऊदी शहरों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर कई मिसाइल और ड्रोन हमले किये हैं। इसके जवाब में सऊदी बलों ने यमन में हूती ठिकानों पर हमले किये हैं।
सऊदी नागरिक सुरक्षा विभाग के अनुसार, ये चेतावनियां राष्ट्रीय आपातकालीन पूर्व चेतावनी मंच के माध्यम से जारी की गयीं। अधिकारियों ने संभावित खतरे की प्रकृति स्पष्ट नहीं की है।
लोगों से शांति बरतने और तुरंत निकटतम सुरक्षित स्थान पर जाने को कहा गया है। उन्हें इमारत के अंदर या खिड़कियों से दूर किसी अंदरूनी कमरे में रहने तथा खतरा टलने तक वहीं रहने की सलाह दी गयी है।
नागरिक सुरक्षा विभाग ने लोगों को खुले स्थानों, खिड़कियों, बालकनी और छतों से दूर रहने की सलाह दी है। बाहर मौजूद लोगों से निकटतम इमारत में जाने या किसी मजबूत अवरोध के पीछे शरण लेने को कहा गया है।
चेतावनी पाने वाले वाहन चालकों को पुलों और ऊंची इमारतों से दूर वाहन रोकने तथा लोगों को भीड़ और खतरनाक इलाकों से बचने और आधिकारिक माध्यमों से जारी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
