ब्यावरा: गत रात्रि समीपस्थ के शेखनपुर गांव में एक मंदिर से चोरों ने भगवान गणेश की प्रतिमा का चांदी का मुकुट चुरा लिया. चोरी हुए चांदी के मुकुट का वजन करीब 800 ग्राम है और इसकी कीमत लगभग 2 लाख रुपए बताई जा रही है. उक्त घटना सोमवार रात करीब10 बजे होना बताया जा रहा है. प्राप्त जानकारी के अनुसार मंदिर का बल्ब निकालकर अंधेरा किया, फिर चोरी की गई.इसके बाद उन्होंने गणेश प्रतिमा पर लगा चांदी का मुकुट उतारा और मौके से फरार हो गए.
घटना के समय मंदिर के पुजारी रामदयाल दास पास के दुर्गा मंदिर में पूजा करने गए थे. कुछ देर बाद जब ग्रामीण मंदिर पहुंचे, तो उन्होंने गणेश प्रतिमा के सिर से मुकुट गायब देखा.
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस जांच में जुटी
चोरी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर पर जमा हो गए. उन्होंने आसपास के इलाके में चोरों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला.इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मंदिर का निरीक्षण किया.मलावर थाना प्रभारी रजनीश सिरोठिया ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है और मामले की जांच की जा रही है.उन्होंने बताया कि आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और अन्य माध्यमों से चोरों की तलाश जारी है. गौरतलब है कि शनिवार रात को ही मलावर थानांर्तगत ग्राम कानरखेड़ी में दो घरों में सेंध लगाकर लाखों रूपये के जेवरात चोरी कर लिये थे. उक्त मामले में भी पुलिस के हाथ अभी कोई सुराग नहीं लगा है. चोर अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर घूम रहे है.
