सतना : प्रथम आराध्य देव श्री गणेश जी का प्रकटोत्सव शहर व जिले के साथ-साथ केंद्रीय जेल में भी बड़े ही धूमधाम से मनाया जा रहा है. जिसके चलते केंद्रीय जेल परिसर में गणेश चुतर्थी के अवसर पर भक्ति भाव के साथ हर्षोल्लास छा गया है, जो कि अनंत चतुर्दशी तक जारी रहेगा.अधीक्षक केंद्रीय जेल सतना श्रीमती लीना कोष्टा ने जानकारी देते हुए बताया कि बंदियों द्वारा मिट्टी और प्राकृतिक रंगों का प्रयोग करते हुए इको फ्रेंडली गणेश प्रतिमाएं निर्मित की हैं.
बंदियों द्वारा बनाई गई इन गणेश मूर्तियों को केंद्रीय जेल के नवीन खण्ड, पुराने खण्ड और महिला वार्ड में विधिवत पूजा-अर्चना करते हुए स्थापित किया गया है. भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित होने के बाद से बंदियों द्वारा पूरे भक्ति भाव के साथ भजन कीर्तन किया जा रहा है. इसी कड़ी में जेल वाणी के माध्यम से भी बंदियों को भजन सुनाए जा रहे हैं. जिससे जेल में निरुद्ध बंदियों में भक्ति भाव के साथ-साथ सकारात्मक माहौल निर्मित हो सके. इसके साथ ही महिला वार्ड में महिला बंदियों द्वारा पूरे भक्ति भाव के साथ हरितालिका तीज की व्रत रखा गया और भगवान शिव व माता पार्वती की पूजा अर्चना की गई.
