
छिंदवाड़ा। जेल से बाहर आने के बाद दोबारा चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को देहात थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की दो बाइक बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 1 लाख 28 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी, मारपीट और जुआ सहित अन्य अपराध दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार 13 सितंबर को प्रार्थी विशाल पिता विनोद ठाकुर 25 वर्ष, निवासी वीआईपी कॉलोनी, थाना देहात, ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 सितंबर को अज्ञात व्यक्ति उसके घर के सामने से बाइक क्रमंाक एमपी 28 एमजेड 4118 चोरी कर ले गया है। रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 552ध्2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया था इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में घूम रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी गणेश पिता बाबूलाल कुमरे, उम्र 28 वर्ष, निवासी बीसापुरकला थाना मोहखेड़ को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बाइक चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 28 एमजेड 4118 जिसकी अनुमानित कीमत 78 हजार रुपये है, बरामद की। इसके अलावा एक बिना नंबर प्लेट की काले रंग की यामाहा कंपनी की बाइक भी जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ थाना मोहखेड़ में पूर्व से चोरी, मारपीट और जुआ के अपराध दर्ज हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी गोविंद सिंह राजपूत, उपनिरीक्षक संदीप सिंह राजपूत, आरक्षक सोमसिंह बघेल, आरक्षक सूरज सिंह चैहान, आरक्षक शेर सिंह, साइबर सेल से आरक्षक नितिन तथा आरक्षक आदित्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
