किराना दुकान से लाखों का माल और नगदी पार

जबलपुर। लार्डगंज थाना अंतर्गत यादव कॉलोनी में शातिर चोरों ने एक किराना दुकान को निशाना बनाते हुए करीब दो से तीन लाख रुपये के कीमती सामान और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद से व्यापारियों में भारी आक्रोश है। व्यापारियों का आरोप है कि पुलिस ने शिकायत तो ली लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दमोहनाका निवासी कमल केशरवानी की यादव कॉलोनी गली नंबर 3, हनुमान मंदिर के पास में किराना दुकान है। रोज की तरह कमल केशरवानी बीती रात भी दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने पूरी प्लानिंग के साथ धाबा बोला। चोरों ने दुकान के पीछे खाली पड़े प्लॉट में सीढ़ी लगाई और छत पर चढ़ गए। वहां लगे लकड़ी के दरवाजे को तोडक़र वे दुकान के अंदर दाखिल हुए। चोरों ने दुकान खंगालते हुए नगद 29,000 रुपये, दुकान में रखे काजू, किशमिश, बादाम, चावल के कट्टे अन्य सामान समेटे। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर बोरियों के साथ पीछे खाली प्लॉट की 20 फीट ऊंची दीवार को लांघकर रफूचक्कर हो गए। सोमवार को जब दुकान संचालक पहुंचा तो उसके होश उड़ गए। सूचना मिलते ही लार्डगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की सीसीटीव्ही कैमरों के फुटेज खंगाले। शिकाय भी ले ली लेकिन आरोप है कि अब तक मामले की एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। दुकानदार के मुताबिक चोर करीब दो से तीन लाख रुपया किराना सामान चुराकर ले गए है।

न गश्त हो रही है, न चोर पकड़े जा रहे

वारदात के बाद कमला नेहरू नगर व्यापारी संघ ने मोर्चा खोलते हुए पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज करने में बरती जा रही ढिलाई की निंदा की है। व्यापारी संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। पुलिस न तो रात में गश्त कर रही है और न ही पुराने मामलों के चोरों को पकड़ पा रही है। जब शहर के व्यस्त इलाके में व्यापारी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता का क्या होगा?

Next Post

80 ई-रिक्शा चालकों पर पुलिस की कार्रवाई, मचा हडक़ंप

Mon Sep 14 , 2026
जबलपुर। शहर के व्यस्ततम बाजारों को ई-रिक्शा चालकों के आतंक और मनमानी से मुक्त कराने के लिए लार्डगंज पुलिस ने मोर्चा खोल दिया है। गंजीपुरा से लेकर बड़ा फुहारा क्षेत्र तक पुलिस ने पिछले तीन दिनों से लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। इस विशेष अभियान के तहत यातायात नियमों को […]

You May Like