जबलपुर: खमरिया थाना अंतर्गत ककरतला यादव मोहल्ला में बीती रात दो बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी। घटना के बाद पीड़ित मुकर कर कानूनी कार्रवाई से पीछे हट गया, लेकिन पुलिस ने घटना के समय की ऑडियो रिकॉर्डिंग, कार पर मिले गोलियों के निशान के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस के अनुसार, ककरतला यादव मोहल्ला निवासी सुग्रीव यादव (30) ने डायल 112 में सूचना दी थी कि उसके घर पर दो लोग बंदूक से गोलियां चला रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस बल तुरंत मौका पर पहुंचा।
पुलिस को घटना स्थल पर घर के बाहर खड़ी एक कार क्रमांक एमपी 20 जेड जी 5919 मिली, जिसमें दो स्थानों पर गोलियों के छेद मौजूद थे, जो फायरिंग की पुष्टि कर रहे थे लेकिन पुलिस के पहुंचने पर पीड़ित सुग्रीव यादव अचानक अपने बयान से पलट गया। उसने पुलिस से कहा कि वह इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करना चाहता है। लेकिन मामला जानलेवा हमले और कानून व्यवस्था से जुड़ा था, इसलिए पुलिस ने डायल 112 की सूचना पर हुई रिकॉर्डिंग की ऑडियो के आधार पर प्रकरण दर्ज किया। ऑडियो में साफ सुनाई दे रहा है कि सुग्रीव खुद आरोपी मोनू यादव और रामलखन यादव द्वारा फायरिंग किए जाने की बात कह रहा है। आरोपियों का यह कृत्य ऐसा था, जिससे किसी की भी जान जा सकती थी। कार पर मिले गोलियों के निशान और पुख्ता ऑडियो रिकॉर्डिंग को आधार बनाते हुए ही पुलिस ने आरोपी रामलखन यादव और मोनू यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
