इंदौर: परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में गणेश पंडाल लगाने और रास्ते में निकलने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक विवाद हो गया. विवाद में एक तरफ चाकू लहराकर गर्दन पर रखा गया, तो दूसरी तरफ लोहे के पाइप और लात-घूंसों से हमला कर युवक को लहूलुहान कर दिया गया. परदेशीपुरा थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पहला पक्ष से फरियादी ऋषभ पिता रमेश तिवारी की शिकायत पर आरोपी आजाद यादव निवासी फिरोज गांधी नगर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. ऋषभ का आरोप है कि आजाद यादव पंडाल लगाने की बात को लेकर गाली-गलौज करने लगा. विरोध करने पर आरोपी ने मारपीट करते हुए जेब से धारदार चाकू निकाला और ऋषभ की गर्दन पर रख दिया. दूसरे पक्ष की ओर से आजाद यादव की रिपोर्ट पर पुलिस ने ऋषभ तिवारी, संतोष तिवारी और सत्यम तिवारी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है.आजाद का कहना है कि दुकानके सामने लगे पंडाल से निकलने की बात पर ऋषभ से कहासुनी हुई थी. इसी बात पर आरोपियों ने मिलकर उसकी लात-घूंसों से पिटाई कर दी, वहीं ऋषभ ने लोहे के पाइप से वार कर दिया. हमले में आजाद के सिर, आंख, कान और पीठ में गंभीर चोटें आई हैं. परदेशीपुरा पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है.
