वाशिंगटन, 13 सितंबर (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने रविवार को कहा कि ईरान युद्ध समाप्त करने के लिए समझौता करना चाहता है, लेकिन किसी भी समझौते में ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना अनिवार्य होगा।
इसके साथ ही श्री ट्रम्प यूक्रेन से रूसी डीजल रिफाइनरियों पर हमले रोकने का आग्रह करते हुए चेतावनी दी कि इन हमलों से वैश्विक स्तर पर ईंधन का संकट गहरा रहा है।
श्री ट्रम्प ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि ईरान समझौता करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि अमेरिका केवल उसी समझौते को स्वीकार करेगा, जो उनके देश के हितों के अनुकूल होगा।
श्री ट्रम्प ने कहा, ” यह मध्यावधि चुनाव से पहले भी खत्म हो सकता है और उसके बाद भी, लेकिन युद्ध खत्म जरूर होगा।” उन्होंने कहा कि शत्रुता समाप्त होते ही अमेरिका में पेट्रोल की कीमतें बहुत तेजी से नीचे गिरेंगी।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, “समझौते की कोशिश में ईरानी अधिकारी लगातार फोन कर रहे हैं।” उन्होंने हालांकि आगाह किया कि वे किसी भी प्रतिकूल या नुकसानदेह समझौते को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं। श्री ट्रम्प ने साफ शब्दों में कहा, “मैं ऐसा कोई समझौता नहीं करने जा रहा, जो सही न हो।”
अमेरिकी सैन्य अभियान के मुख्य उद्देश्य को दोहराते हुए श्री ट्रम्प ने कहा कि ईरान को किसी भी सूरत में परमाणु हथियार विकसित करने की इजाजत नहीं दी जा सकती।
उन्होंने कहा, “ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं हो सकते और न ही उनके पास परमाणु हथियार होंगे।” श्री ट्रम्प ने अमेरिकी कृत्रिम बुद्धिमता (एआई) उद्योग के तेज विस्तार का बचाव किया। इसके साथ ही उन्होंने अमिरका से एआई विकास की गति धीमी करने या इस क्षेत्र पर व्यापक प्रतिबंध लगाने की मांगों को खारिज कर दिया।
एआई क्षेत्र में सख्त नियमों की आवश्यकता पर पूछे गये सवाल के जवाब में श्री ट्रम्प ने कहा, ” हम एआई के मामले में चीन से आगे हैं। हम दुनिया के सबसे उन्नत देश हैं और स्पष्ट रूप से मैं इसे ऐसे ही बनाये रखना चाहता हूं, क्योंकि जो एआई रेस जीतेगा, वही बाजी मारेगा।”
यह स्वीकार करते हुए कि सरकार एआई प्रणालियों के लिए कुछ सुरक्षा मानदंड तय कर सकती है श्री ट्रम्प ने कहा कि चीन पर अमेरिका की तकनीकी बढ़त बनाये रखना ही उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
तेजी से बढ़ते तकनीक क्षेत्र से पैदा होने वाले संभावित खतरों की चेतावनियों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि ‘कई नकारात्मक शक्तियां’ काल्पनिक जोखिमों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रही हैं और ऐसी स्थितियों पर चिंता जता रही हैं, जो शायद कभी पैदा ही न हों।
रूस-यूक्रेन युद्ध पर श्री ट्रम्प ने यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की से रूसी डीजल रिफाइनरियों पर हमले तुरंत रोकने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इन हमलों से ईंधन की किल्लत और गंभीर हो रही है।
श्री ट्रम्प ने पत्रकारों से कहा, “श्री जेलेंस्की को एक काम करना होगा। उन्हें रूस में डीजल ईंधन के बुनियादी ढांचे को तबाह करना बंद करना होगा।”
उन्होंने कहा, “वे अन्य सैन्य ठिकानों को निशाना बनाये, लेकिन डीजल रिफाइनरियों को छोड़ दें, क्योंकि इससे डीजल की भारी किल्लत पैदा हो रही है।”
श्री ट्रम्प ने कहा कि डीजल बाजार में आ रही रुकावट का मुख्य कारण पश्चिम एशिया का संघर्ष नहीं, बल्कि रूस-यूक्रेन के बीच जारी युद्ध है।
उन्होंने बताया कि यह मुद्दा सीधे श्री जेलेंस्की के सामने उठाया गया है और अमेरिका नहीं चाहता कि यूक्रेन रूसी रिफाइनरियों को निशाना बनाये।
श्री ट्रम्प के अनुसार, यूक्रेन के पास ऐसे ‘कई अन्य लक्ष्य’ मौजूद हैं, जिन्हें निशाना बनाकर वह डीजल आपूर्ति को बाधित किये बिना अपनी लड़ाई लड़ सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि रूसी ईंधन बुनियादी ढांचे पर हो रहे हमले पूरे विश्व को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
