
जबलपुर। कैंट पुलिस ने जिला दण्डाधिकारी के आदेश का उल्लंघन करने वाले शातिर अपराधी अखिलेश पासी उर्फ बाबू पासी 35 वर्ष, निवासी बागड़ी मोहल्ला, संजय गांधी नगर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पहले से कई अपराध न्यायालय में विचाराधीन हैं, जिसके चलते उसकी आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जिला दण्डाधिकारी द्वारा 27 जुलाई 2026 को एक आदेश जारी किया गया था। इस आदेश के तहत आरोपी को 6 महीने तक प्रत्येक माह की 5 और 25 तारीख को कैंट थाने में उपस्थिति दर्ज करानी थी, जिसकी तामीली 14 अगस्त 2026 को करा दी गई थी। आरोपी ने आदेश का उल्लंघन करते हुए 25 अगस्त और 5 सितंबर 2026 को बिना किसी सूचना के थाने में हाजिरी नहीं दी। इसके बाद, पुलिस ने उसके निवास स्थान के पास दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। कैंट पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
