एटीएम कार्ड हैक कर 5.10 लाख उड़ाने वाले अंतर्राज्यीय गैंग का पर्दाफाश

रीवा, रीवा की बिछिया थाना पुलिस ने एटीएम मशीन में कार्ड फंसाकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक बड़े अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिहार और झारखंड के रहने वाले 5 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है. इनके पास से 4 लाख नकद और ठगी में इस्तेमाल होने वाले कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं. दरअसल यह पूरा मामला बीते माह 24 अगस्त का है.

जानकारी के मुताबिक टीआरएस कॉलेज की शिक्षिका निवासी राघव रामनगर थाना बिछिया कल्पना त्रिपाठी का उनके पति केनरा बैंक का एटीएम कार्ड लेकर पेट्रोल पंप के पास स्थित एटीएम से पैसे निकालने गए थे. जैसे ही उन्होंने कार्ड मशीन में डालकर पिन दर्ज किया, स्क्रीन पर ‘कैश डिस्पोज’ लिखा आ गया और उनका कार्ड मशीन के अंदर ही फंस गया. तभी वहां खड़े अज्ञात ठगों ने मदद के बहाने मुकेश मिश्रा को झांसा दिया और कहा कि कार्ड फंस गया है, आप मेन ब्रांच या गार्ड को सूचना दें. वहां कोई गार्ड न होने के कारण मुकेश मिश्रा जब अपने कमरे पर मोबाइल लेने पहुंचे, तो उनके होश उड़ गए. पीडि़त की पत्नी के मोबाइल पर लगातार खाते से पैसे कटने के मैसेज आ रहे थे. शातिर ठगों ने पिन नंबर देख लिया था और कार्ड निकालकर अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 5 लाख 10 हजार की धोखाधड़ी कर डाली. पीडि़त परिवार ने तुरंत इसकी सूचना भारतीय स्टेट बैंक मैनेजर, केनरा बैंक मैनेजर और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1030 पर दी. इसके बाद 25 अगस्त 2026 को बिछिया थाने में मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई गई.

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गुरकरन सिंह के निर्देश में बिछिया थाना प्रभारी उप निरीक्षक अंकिता मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया. पुलिस ने बैंक स्टेटमेंट खंगाले और साइबर सेल रीवा की मदद से मोबाइल टावर लोकेशन को ट्रैक किया. इसके आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर बिहार और झारखंड से जुड़े 5 आरोपियों को हिरासत में लिया. कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया.

गिरफ्तार आरोपियों मे अभिषेक कुमार गुप्ता निवासी गया जनकपुर थाना मुफस्सिल जिला गया बिहार, इमरान अंसारी निवासी सराय थाना कोतवाली जिला गया बिहार, कार्यानंद सरस्वती निवासी ग्राम बाभंडी थाना वजीरगंज जिला गया बिहार, मोहम्मद फैज अंसारी निवासी गुमो, थाना तलैया, जिला कोडरमा झारखंड, अभिमन्यु कुमार वर्मा निवासी गुमो बडक़ी गल्ली, थाना तलैया, जिला कोडरमा झारखंड शामिल है.

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की गई राशि में से 4 लाख नकद बरामद कर लिए हैं. इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल होने वाला सामान भी जब्त किया गया है जिसमे 1 लैपटॉप, 5 नग मोबाइल फोन,1 नग पीओएस मशीन, 3 नग सिम कार्ड, 30 नग फोन-पे स्कैनर शामिल है. फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद पांचों आरोपियों को केंद्रीय जेल रीवा भेज दिया गया है.

Next Post

नीमच मंडी मे गेहूं का शेड बना व्यापारियों का गोदाम?

Sun Sep 13 , 2026
नीमच। किसानों की उपज की नीलामी और सुविधा के लिए बनाए गए नीमच कृषि उपज मंडी के गेहूं शेड इन दिनों व्यापारियों के गेहूं के स्टॉक से भरे पड़े हैं। शेड में बड़ी मात्रा में गेहूं जमा होने के कारण मंडी में अपनी उपज लेकर पहुंचने वाले किसानों को परेशानी […]

You May Like