
गुना। कैंट थाना क्षेत्र की भगत सिंह कॉलोनी में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के उपकरण, वाहन और यहां तक कि जूते-चप्पल भी चोरी कर लिए। वारदात के दौरान बदमाश घर में सो रहे दम्पत्ति को बाहर से कुंडी लगाकर बंद करने के बाद पूरा सामान समेट रफूचक्कर हो गए।
जानकारी सामने आई है कि पेशे से बीमा कर्मचारी प्रमोद रघुवंशी के मकान में देर रात अज्ञात बदमाश खिड़की के चार लोहे के पाइप मशीन से काटकर अंदर दाखिल हो गए। जिस कमरे में प्रमोद रघुवंशी और उनकी पत्नी सो रहे थे, बदमाशों ने चालाकी से उस कमरे की बाहर से कुंडी लगा दी ताकि कोई बाहर न आ सके। इसके बाद चोरों ने पूरे घर में जमकर खंगालमारी की।
शातिर चोर घर से लैपटॉप, टीवी, सिलाई मशीन, इंडक्शन, मिक्सर, पीतल के बर्तन और घर का राशन तक समेट ले गए। हद तो तब हो गई जब बदमाश जाते-जाते घर में रखे जूते-चप्पल, स्कूटी और बुलेट मोटरसाइकिल की चाबियां भी अपने साथ ले गए। पीड़ित परिजनों के अनुसार चोरी गए कुल सामान की कीमत लगभग ढाई से तीन लाख रुपये है, इसके अलावा करीब 5 हजार रुपये नगद भी चोरी हुए हैं। सुबह जब दंपति की नींद खुली तो कमरा बाहर से बंद मिला, जिसके बाद उन्होंने पड़ोसियों को फोन करके मदद के लिए बुलाया और बाहर निकल सके। घटना की सूचना पीड़ित परिवार ने कैंट पुलिस को दी है।
