
शिवपुरी। अपनी लायसेंसी दुकानों पर महिलाओं के लगातार हमले की घटनाओं के न थमने से परेशान होकर शिवपुरी के शराब ठेकेदार अपने बचाव के लिए आवकारी महकमे की शरण में पहुंचे हैं। इन शराब ठेकेदारों ने जिला आबकारी अधिकारी के साथ लंबी बैठक की और साफ कह दिया कि वे मौजूदा प्रतिकूल हालात में अपने ठेके चलाने में असमर्थ हैं।
इन शराब ठेकेदारों ने आबकारी महकमे से साफ कह दिया कि प्रशासन और पुलिस यदि उन्हें सुरक्षा देने में असमर्थ है तो वे अपने लायसेंस सरेंडर करने के लिए तैयार हैं। गौरतलब है कि शिवपुरी जिले में शराब के अधिकांश ठेके कामेश शिवहरे, जॉली शिवहरे, लालजी एवं रविन्द्र शिवहरे के पास हैं। एक तरफ बढ़ता जनाक्रोश और दूसरी तरफ इन संवेदनशील हालात से निपटने की कवायद में प्रशासन की विवशताओं के चलते जिले के शराब ठेकेदार असमंजश में फंस गए हैं।
