श्रीगंगानगर में मतदान के दौरान हुआ हंगामा

श्रीगंगानगर, 11 सितम्बर (वार्ता) राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण में श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर में शुक्रवार को वार्ड नंबर पांच के मतदान केंद्र पर हंगामा हो गया।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक गुरवीरसिंह बराड़ और तीसरे मोर्चे के नेता प्रदीप खीचड़ के समर्थकों के बीच तनातनी मारपीट तक पहुंच गई।

घटना महात्मा गांधी राजकीय इंग्लिश माध्यमिक विद्यालय में हुई, जहां प्रदीप खीचड़ की पत्नी मनीषा खीचड़ चुनाव लड़ रही हैं। मतदान शाम छह बजे समाप्त होने से ठीक एक घंटे पहले यह घटना हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शाम पांच बजे मनीषा खीचड़ अपना वोट डालने आयी थीं। उनके पति प्रदीप खीचड़ इसी केंद्र पर चुनाव एजेंट थे। दोनों स्कूल के मुख्य द्वार के पास बात करते अंदर जा रहे थे। तभी स्कूल के छोटे द्वार के साथ वाला द्वार किसी ने खोल दिया और वहां 20-25 लोग अंदर घुस आये। उन्होंने चारों तरफ से घेरकर प्रदीप खीचड़ पर हमला बोल दिया। मौजूद लोगों और पुलिस ने बीच-बचाव करके मामला शांत किया।

यह केंद्र पहले से संवेदनशील था, इसलिए ज्यादा पुलिस तैनात थी। सादुलशहर थाना प्रभारी मलकीयतसिंह मान स्वयं दलबल के साथ मौजूद थे। वायरल वीडियो में वह और अन्य पुलिसकर्मी बचाव करते दिख रहे हैं। मारपीट होने का पता चलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक शर्मा, पुलिस उपाधीक्षक भूपेंद्र सोनी और उपखंड अधिकारी मौके पर पहुंचे।

प्रदीप खीचड़ ने आराेप लगाया कि पूरा घटनाक्रम एक विधायक के आदमियों ने करवाया। हमलावरों में विधायक का भाई और गनमैन भी शामिल बताये गये।

 

Next Post

अमेरिका ने ठुकराया सऊदी अरब का हस्तक्षेप का अनुरोध, हूतियों के खिलाफ सीधी सैन्य कार्रवाई से किया इनकार

Fri Sep 11 , 2026
रियाद/वाशिंगटन, 11 सितंबर (वार्ता) अमेरिकी प्रशासन ने हूतियों के खिलाफ सीधी सैन्य कार्रवाई में शामिल होने के सऊदी अरब के इस अनुरोध को खारिज कर दिया। सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से फोन पर वार्ता कर यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों […]

You May Like