
सीहोर। जिले के श्यामपुर थाना क्षेत्र में आने वाले ग्राम खंडवा निवासी एक युवक का शव गांव के समीप एक कुएं में मिलने से सनसनी का माहौल निर्मित हो गया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम खंडवा के समीप एक कुएं के पास एक जोड़ी चप्पल और सायकल खड़ी देख वहां से गुजर रहे ग्रामीण राहगीरों को शक हुआ. उन्होंने कुएं में झांककर देखा तो उनके होश उड़ गए. कुएं में एक युवक का शव तैर रहा था. कुछ ही देर में वहां ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. पुलिस को सूचना दी गई. कुछ ग्रामीण युुवक कुएं में उतरे और शव को बाहर निकालकर शिनाख्त की गई तो शव गांव के ही युवक जयप्रकाश महेश्वरी का निकला. बताया जाता है कि युवक दिमागी कमजोर था. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. इस मामले को लेकर गांव में सनसनी का माहौल बना हुआ है.
