
सतना। रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से 80 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान भगवान दीन पाल पिता सूरजदीन पाल, निवासी रगला के रूप में हुई है। बताया गया कि भगवान दीन पाल कृषि कार्य कर वापस अपने घर लौट रहे थे। उन्हें सुनाई कम देता था, जिसके चलते रेलवे लाइन पार करते समय वे ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही उचेहरा पुलिस मौके पर पहुंच गई। लेकिन उचेहरा अस्पताल की मरचुरी में मंगलवार को शव परीक्षण के लिए करीब डेढ़ घंटे तक इंतजार करना पड़ा। पुलिस द्वारा सूचना दिए जाने के बावजूद डॉक्टरों की टीम समय पर नहीं पहुंची, जिससे परिजनों और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
