
इंदौर। राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लाकर प्रशासन द्वारा अभी तक शहर में कांग्रेस को किसी भी स्थान की अनुमति नहीं दी गई है। शहर कांग्रेस द्वारा नगर निगम, कलेक्टर कार्यालय, इंदौर विकास प्राधिकरण सहित कई जगह आवेदन दिया है। प्रशासन, नगर निगम और आईडीए द्वारा जगह देने से मना भी नहीं किया जा रहा है। दूसरी ओर राहुल गांधी के कार्यक्रम हेतु छात्रों के पंजीयन का आंकड़ा 1 लाख पार हो चुका है ।
राहुल गांधी का 19 सितंबर को इंदौर में छात्रों की गूंज कार्यक्रम तय है । इसको लेकर प्रशासन द्वारा स्थान की अभी तक अनुमति नहीं दी गई है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे और कांग्रेस पार्षद दल ने पहले नगर निगम आयुक्त को नेहरू स्टेडियम, फिर कलेक्टर को आर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज के पीछे वाला मैदान एवं खंडवा रोड़ यूनिवर्सिटी परिसर मैदान,डेली कॉलेज और रीजनल पार्क के सामने वाले मैदान का प्रस्ताव ओर अनुमति मांगी है।
उक्त एक भी स्थान की अभी तक स्थानीय प्रशासन ने अनुमति नहीं दी है। वहीं नेहरू स्टेडियम से लेकर उपरोक्त स्थानों का लिखित में मना नहीं किया है।
दूसरी ओर राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम के लिए छात्रों के पंजीयन करने का आंकड़ा 1 लाख पार हो गया है। अभी कार्यक्रम में 11 दिन बाकी है। जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने 1 लाख पंजीयन होने की पुष्टि करते हुए कहा कि राहुल गांधी से बात करने को लेकर छात्रों में बहुत ज्यादा उत्साह देखने में आ रहा है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि रीजनल पार्क मैदान अंतिम तय स्थान है। आईडीए से अनुमति मांगी है। नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल द्वारा अभी तक नेहरू स्टेडियम पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है। कांग्रेस के आवेदन पर लिखित में मना भी नहीं किया जा रहा है, जबकि आवेदन दिए 10 दिन हो चुके है।
चौकसे ने कहा कि पूरी भाजपा राहुल गांधी से डरी और सहमी हुई है। प्रशासनिक अधिकारियों पर भाजपा के लोग दबाव बनाए हुए कि अनुमति नहीं दी जाए। हम जमीन का किराया भुगतान करने को तैयार है , फिर भी अनुमति देने में आनाकानी की जा रही है।
