जबलपुर: शहर की जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है, जबकि महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू जनता के टैक्स के पैसों का दुरुपयोग कर झूठे प्रचार-प्रसार में व्यस्त हैं। यह आरोप कांग्रेस पार्षद दल ने लगाया है। इसी के विरोध में कांग्रेस पार्षद दल ने रविवार को इनकम टैक्स चौराहे पर महापौर के कथित भ्रष्टाचार की मटकी फोड़कर जोरदार प्रदर्शन किया।
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, उप नेता प्रतिपक्ष शगुफ्ता उस्मानी गुड्डू नबी एवं सचेतक अयोध्या तिवारी ने कहा कि जबलपुर की जनता ने नगर निगम के बजट और संसाधनों का ऐसा दुरुपयोग पहले कभी नहीं देखा। नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा ने महापौर पर आरोप लगाते हुए कहा कि अपनी विफलताओं पर पर्दा डालने और झूठी वाहवाही लूटने के लिए जनता की गाढ़ी कमाई का इस्तेमाल विज्ञापनों और प्रचार-प्रसार में किया जा रहा है। नगर निगम के लगभग 1200 करोड़ रुपये के बजट के बावजूद यदि शहर की सड़कें, सफाई और मूलभूत सुविधाएं बदहाल हैं, तो यह नगर निगम की प्राथमिकताओं पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
कांग्रेस पार्षद दल ने स्पष्ट कहा कि शहर में विकास के दावे पूरी तरह खोखले साबित हो रहे हैं। स्वामी दयानंद सरस्वती वार्ड के अंतर्गत आने वाले इनकमटैक्स चौराहे से रसल चौक तक एवं रसल चौक से चौथा पुल तक का रोड पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है और शहर की सभी मुख्य सड़कों से लेकर वार्डों की आंतरिक सड़कें तक गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं, जिससे राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं शहर की सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा गई है। इतना ही नहीं डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन की गाड़ियां समय पर नहीं पहुंच रही हैं, जिसके कारण जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। कांग्रेस पार्षद दल ने शहर की गौशालाओं की स्थिति भी बदहाल बताई है। विरोध प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, उप नेता प्रतिपक्ष शगुफ्ता उस्मानी गुड्डू नबी, पार्षद रितु राजेश यादव, पार्षद अदिति अतुल बाजपेई, पार्षद हर्षित यादव, पार्षद अख्तर अंसारी, पार्षद प्रमोद पटेल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता विवेक अवस्थी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसियों की उपस्थिति रही।
