सीधी: मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देश पर 5 सितम्बर को मझौली विकासखंड में संचालित 36 शासकीय उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण किया गया।कलेक्टर द्वारा 3 सितम्बर को आयोजित समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में खाद्य, सहकारिता, नागरिक आपूर्ति निगम एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अधिकारियों को शामिल करते हुए 7 संयुक्त जांच दल गठित किए गए थे। अभियान के दौरान जांच दलों ने उचित मूल्य दुकानों की संचालन व्यवस्था, उपलब्ध खाद्यान्न, वितरण प्रक्रिया तथा उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। दलों द्वारा उपभोक्ताओं से सीधे संवाद कर दुकान की व्यवस्थाओं एवं खाद्यान्न वितरण के संबंध में फीडबैक भी
प्राप्त किया गया। निरीक्षण के दौरान दुकानों में खाद्यान्न की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था तथा उपभोक्ताओं को शासन की योजनाओं के अनुरूप खाद्यान्न प्राप्त होने की स्थिति की जानकारी ली गई। जांच दलों ने मौके पर उपभोक्ताओं से चर्चा कर उनकी समस्याओं एवं अनुभवों को भी जाना। कलेक्टर विकास मिश्रा ने सभी जांच दलों को निरीक्षण के उपरांत प्रतिवेदन सक्षम अधिकारी को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण में जिन उचित मूल्य दुकानों पर अनियमितता पाए जाने की पुष्टि होगी, वहां संबंधित दुकान संचालक एवं प्रबंधक के विरुद्ध कार्रवाई के लिए प्रकरण सक्षम अधिकारी को भेजा जाएगा। अभियान का उद्देश्य उचित मूल्य दुकानों की व्यवस्थाओं में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करना तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की खाद्य योजनाओं का लाभसुचारु रूप से उपलब्ध कराना है।
