
इंदौर. सराफा व्यापारी के मुंबई से मंगाए गए सोने के कूरियर पार्सल से 11 चेनें गायब होने के मामले में पुलिस ने डिलीवरीकर्मी को गिरफ्तार कर लिया है. पार्सल खोलने पर 273.370 ग्राम सोना कम मिला था. जांच में डिलीवरीकर्मी रितिक पिता अशोक गोयल की भूमिका सामने आई. पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई 11 सोने की चेनें बरामद कर ली हैं. इनकी कीमत 40 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है. सराफा के एमके हाइट्स, शक्कर बाजार स्थित दुकान संचालक दिनेश सोनी ने 11 अगस्त को मुंबई की स्वर्णशिल्प ज्वैलर्स से सोने की चेनें मंगाई थीं. बीवीसी लॉजिस्टिक कूरियर के जरिए 791.570 ग्राम सोने की चेनें इंदौर भेजी गई थीं, 13 अगस्त को पार्सल इंदौर पहुंचा. इसके बाद गणेश नाम का कर्मचारी पार्सल लेकर सराफा में कारीगर के पास पहुंचा. यहां पार्सल खोलकर सोने का वजन किया तो 273.370 ग्राम सोना कम मिला. जांच करने पर पार्सल से 11 सोने की चेनें गायब मिलीं. इसके बाद दिनेश सोनी ने मुंबई के व्यापारी से संपर्क किया, वहां से माल पूरा भेजे जाने की बात कही गई. इसके बाद व्यापारी ने सराफा थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने कूरियर से जुड़े लोगों और पार्सल की डिलीवरी से संबंधित जानकारी जुटाई. जांच में डिलीवरीकर्मी रितिक की भूमिका सामने आई. इसके बाद शनिवार रात पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर रविवार को उसे गिरफ्तार कर लिया. रितिक मुंबई की कंपनी की ओर से पार्सल डिलीवरी का काम करता है. पूछताछ के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई सभी 11 सोने की चेनें बरामद कर लीं. अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि पार्सल से चेनें किस स्थान पर निकाली गई थीं और क्या वारदात में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था. मामले मेंएडिशनल डीसीपी, राजेश दंडोतिया ने बताया कि
सराफा व्यापारी के कूरियर पार्सल से सोने की चेनें गायब होने की शिकायत मिली थी. जांच के बाद डिलीवरी से जुड़े व्यक्ति की भूमिका सामने आई, जिसे गिरफ्तार कर लिया है. उसके कब्जे से चोरी की गई 11 सोने की चेनें बरामद की गई हैं. आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
