
रीवा, श्यामशाह चिकित्सा महाविद्यालय रीवा से सम्बद्ध गांधी मेमोरियल अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत के बाद चिकित्सा शिक्षा विभाग की कार्यवाही का सिलसिला थम नही रहा है. उच्च स्तरीय जांच के बाद रविवार को मेडिकल कालेज के डीन डा. सुनील अग्रवाल को रीवा मेडिकल कालेज से सतना मेडिकल कालेज पदस्थ कर दिया गया है. जबकि सतना मेडिकल कालेज के डीन डा. शशिधर गर्ग को रीवा मेडिकल कालेज का डीन पदस्थ किया गया है.
उल्लेखनीय है कि गांधी मेमोरियल अस्पताल में जननी कल्पना मिश्रा एवं शिशु की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ था. दूसरे दिन ड्यूटी चिकित्सक डा. सोनल अग्रवाल प्रसूती एवं स्त्री रोग विभाग और डा. निधि पाण्डेय निश्चेतना विभाग को प्रथम दृष्टया कार्य के प्रति लापरवाही एवं गंभीर अनुशासनहीनता के आधार पर तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के साथ दो नर्सिंग आफीसर को भी निलंबित कर दिया गया था. इसके साथ ही सात सदस्यीय उच्च स्तरीय जांच टीम भी जांच करने रीवा पहुंची. इसी दौरान संजय गांधी अस्पताल के अधीक्षक डा. राहुल मिश्रा को भी अधीक्षक पद से हटाने का आदेश जारी किया गया. रविवार की सुबह मेडिकल कालेज में स्वास्थ्य मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने डीन सहित सभी वरिष्ठ चिकित्सकों की बैठक ली और इसके बाद ही दोपहर को डीन के स्थानान्तरण का आदेश जारी हुआ. लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग की अवर सचिव सीमा डेहरिया ने आदेश जारी कर रीवा डीन डा. सुनील अग्रवाल को सतना चिकित्सा महाविद्यालय पदस्थ किया है और सतना चिकित्सा महाविद्यालय के डीन डा. शशिधर गर्ग को रीवा मेडिकल कालेज डीन पदस्थ किया है. बतादें कि डा. गर्ग रीवा संजय गांधी अस्पताल में अधीक्षक के पद पर पूर्व में कार्य कर चुके है.
