5000 से अधिक आबादी वाले ग्राम पंचायतों को नगर परिषद की तर्ज पर किया जाएगा विकसित

सिंगरौली : जिले में ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र एवं सुनियोजित विकास की दिशा में जिला पंचायत द्वारा विशेष पहल की जा रही है। इसी क्रम में जिपं सीईओ संघ प्रिय आईएएस द्वारा ग्राम पंचायत खुटार एवं ग्राम पंचायत ढेंकी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पंचायत एवं जनपद पंचायत के अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विकास कार्यों, पंचायत की आय के स्रोतों तथा उपलब्ध संसाधनों की विस्तृत समीक्षा की गई।

सीईओ जिला पंचायत ने ग्राम पंचायत खुटार में पंचायत की स्वयं की आय के स्रोतों की जानकारी लेते हुए आय बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए। पंचायत में उपलब्ध राशि से स्वीकृत कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्माणाधीन मीटिंग हॉल एवं 9 दुकानों का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने ग्राम पंचायत में स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए घरों एवं मार्केट क्षेत्र से नियमित कचरा संग्रहण व्यवस्था प्रारंभ करने के निर्देश दिए।

इसके लिए डीजल आधारित कचरा संग्रहण वाहन क्रय करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। सीईओ जिला पंचायत ने निर्देशित किया कि जिले के 5000 से अधिक आबादी वाले ग्राम पंचायतों में आगामी एक माह के भीतर संपत्ति कर एवं जल कर की वसूली तथा कचरा संग्रहण व्यवस्था प्रारंभ की जाए। उन्होंने कहा कि अधिक आबादी वाले ग्राम पंचायतों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए उन्हें नगर परिषद की तर्ज पर विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाए। इसके लिए स्वच्छता, राजस्व संग्रहण एवं मूलभूत नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए।

अनियमितता की शिकायत को सीईओ ने जांचा
खुटार पंचायत में निर्माण कार्यों में अनियमितता संबंधी प्राप्त शिकायतों के संबंध में सीईओ जिला पंचायत द्वारा संबंधित कार्यों का मौके पर निरीक्षण कर जांच की गई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जांच में अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिला पंचायत न्यायालय से संबंधित मामलों में वसूली योग्य राशि की वसूली के लिए कार्यालयीन दिवस में संबंधितों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि शासकीय राशि एवं विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

सीईओ ने क्षतिग्रस्त पुलिया का किया निरीक्षण
तत्पश्चात सीईओ जिला पंचायत द्वारा ग्राम पंचायत ढेंकी का निरीक्षण किया गया। यहां आवागमन के मार्ग में क्षतिग्रस्त पुलिया के समीप हो रहे मिट्टी कटाव का अवलोकन करते हुए मिट्टी कटाव रोकने के लिए रिटेनिंग वॉल निर्माण के निर्देश दिए गए। उन्होंने पंचायत सामुदायिक भवन का निरीक्षण कर भवन में पानी के रिसाव की समस्या का तत्काल निराकरण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान सीईओ जनपद पंचायत बैढ़न अजीत बरबा सहित संबंधित सहायक यंत्री, उपयंत्री एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Next Post

प्रेम चोपड़ा पर प्रकरण दर्ज, साइबर ठगी में इस्तेमाल हो रहा था बैंक खाता

Sun Sep 6 , 2026
इंदौर:पंजाब एंड सिंध बैंक का एक खाता अलग अलग राज्यों में हुई साइबर ठगी में इस्तेमाल होने का मामला सामने आया है. साइबर पुलिस से मिली जानकारी के आधार पर पंढरीनाथ पुलिस ने खाताधारक प्रेम चोपड़ा के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है.प्रेम चोपड़ा का 13 पीवाय रोड स्थित पंजाब एंड […]

You May Like