
मंदसौर। मंदसौर पुलिस ने अंतर्राज्यीय बागरिया गैंग का पर्दाफाश करते हुए चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गैंग ने मध्यप्रदेश सहित पांच राज्यों के विभिन्न शहरों में 17 अलग-अलग स्थानों पर नकबजनी और चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 20 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात तथा वारदात में प्रयुक्त उपकरण जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल, सीएसपी जितेंद्र भास्कर एवं एसडीओपी ग्रामीण कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौर, नाहरगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक वरुण तिवारी एवं उनकी टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार 18 जुलाई 2026 को कोतवाली क्षेत्र में एक मकान का ताला तोड़कर बदमाश करीब 20 हजार रुपए नकद एवं सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस को अंतर्राज्यीय बागरिया गैंग तक पहुंचने में सफलता मिली। पूछताछ में आरोपियों ने इंदौर, रतलाम, आगरा, राजसमंद, नाथद्वारा, उदयपुर, मालेगांव, धुलिया, दिल्ली एवं गुरुग्राम सहित विभिन्न स्थानों पर चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया।
पुलिस ने शिवराम उर्फ हनुमान, सांवरा, सूरज, मदनबौदिया उर्फ सांवरा, उमराव एवं कालूराम को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से सोने-चांदी के जेवरातों के अलावा दो टॉमी, इलेक्ट्रॉनिक कटर, ग्लब्स एवं प्लास्टिक प्लास भी जब्त किए गए हैं।
कार्रवाई में कोतवाली एवं नाहरगढ़ पुलिस के साथ साइबर सेल के अधिकारियों-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
