दतिया:जिले में लगातार बारिश से सिंध, बेतवा और पहूज नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। सिंध नदी में मोहिनी पिकअप और समोहा बांध से कुल 2650 क्यूमेक्स पानी छोड़ा गया है। वहीं राजघाट बांध से आज तड़के पानी की निकासी बढ़ाकर 1.50 लाख क्यूसेक कर दी गई है। इसके बाद पुल पर आवागमन बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने अगली सूचना तक चंदेरी-ललितपुर मार्ग पर आवाजाही बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
सिंध नदी में मोहिनी पिकअप से 2274 क्यूमेक्स और समोहा बांध से 380 क्यूमेक्स पानी छोड़ा गया है। दोनों स्थानों से कुल 2650 क्यूमेक्स पानी नदी में पहुंच रहा है। इसके चलते सिंध नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। सनकुआं में सिंध नदी का जलस्तर 134.5 मीटर दर्ज किया गया है। पानी की आवक बढ़ने के साथ जलस्तर और बढ़ने की संभावना है। सनकुआं के घाट भी पानी में डूब गए हैं। जलस्तर बढ़ने को देखते हुए पुलिस ने गोराघाट क्षेत्र में मुनादी कर लोगों से नदी के किनारे नहीं जाने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
