सीहोर। आगामी 6 सितंबर को प्रस्तावित मटकी फोड़ को लेकर मुस्लिम समुदाय के एक प्रतिनिधिमंडल ने मज्जू खान के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपा. मज्जू खान ने कहा कि कार्यक्रम में लव जिहाद की मटकी फोड़ जैसे विषय के माध्यम से मुस्लिम समाज के संबंध में आपत्तिजनक बातें किए जाने की संभावना है. मुस्लिम समाज किसी धार्मिक कार्यक्रम का विरोध नहीं करता. आपत्ति केवल ऐसी भाषा या विषय को लेकर है, जिससे किसी धर्म या समाज की भावनाएं आहत हों अथवा शहर की शांति और आपसी भाईचारे पर प्रतिकूल प्रभाव पड़े. प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराने तथा कार्यक्रम की अनुमति एवं प्रस्तावित गतिविधियों की भी जांच करने की मांग की. प्रशासन को लगता है कि कार्यक्रम से सामाजिक सद्भाव प्रभावित हो सकता है, तो कार्यक्रम की अनुमति निरस्त करने पर विचार किया जाए. मुस्लिम समाज ने मांग की कि सीहोर में धार्मिक एवं पारंपरिक त्योहार हमेशा की तरह शांतिपूर्ण, मर्यादित और आपसी भाईचारे के साथ आयोजित हों.
