
सिंगरौली । चितरंगी थाना क्षेत्र के बसनिया मार्ग में आज गुरूवार की रात करीब 8:30 बजे मोटरसाइकिल एवं कार के बीच सीधी टक्कर हो गई। इस सड़क हादसे में मोटरसाइकिल में सवार चालक समेत सवारी की मौत हो गई। वहीं कार में सवार व्यक्ति भी घायल हो गये हैं। गुस्साएं ग्रामीणों ने सड़क के आवागमन को बाधित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पिपड़खड़ गांव निवासी मनधारी बैगा उम्र 40 वर्ष एवं सुनील बैगा उम्र 25 वर्ष बुढ़ाडोल गांव में अपने रिश्तेदारी में गये हुये थे। मोटरसाइकिल से वापस घर जा रहे थे कि दुधमनिया मार्ग के बसनिया में तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दिया। जहां इस हादसे में मोटरसाइकिल में सवार उक्त दोनों व्यक्तियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य तीन व्यक्ति घायल हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल एवं कार के परखच्चे उड़ गये। बताया जा रहा है कि इसकी जानकारी पुलिस को बैढ़न से अपने घर वापस जा रहे भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष गुरू प्रवेन्द्रधर द्विवेदी ने दिया। चितरंगी पुलिस घटनास्थल पहुंच शव को अपने कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दिया है। वहीं किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष ने घायलो को तत्काल अस्पताल के लिए रवाना किया। इधर गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क को जाम कर दिया है। मौके पर भारी संख्या मेंं पुलिस पहुंच गई है।
