
रीवा। गढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम तेंदुआ में एक युवक की आत्महत्या के बाद परिजनों ने निजी फाइनेंस कंपनी के अधिकारियों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए तेंदुआ मोड़ पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। पुलिस परिजनों को समझाइश देने में जुटी है।
मृतक की पहचान प्रशांत मिश्रा के रूप में हुई है, जो निजी फाइनेंस कंपनी में रिकवरी का काम करता था। परिजनों के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से कंपनी के अधिकारी अत्यधिक रिकवरी का दबाव बना रहे थे, अभद्र भाषा का प्रयोग कर प्रताड़ित कर रहे थे और नौकरी से निकालने की धमकी दे रहे थे। इससे परेशान होकर प्रशांत ने मंगलवार को आत्मघाती कदम उठा लिया।
परिजनों का आरोप है कि प्रवीण रघुवंशी नामक अधिकारी द्वारा लगातार दबाव और धमकी दी जा रही थी। घटना के बाद संपर्क करने पर उन्होंने फोन नहीं उठाया। दो दिन पहले भी अभद्र भाषा में नौकरी से निकालने की धमकी दी गई थी।
परिजनों ने गढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
