सिंगरौली: जिले के देवसर, बरगवां एवं चितरंगी तथा सरई, माड़ा तहसील क्षेत्र में आज रविवार को तेज बारिश होने से कई नदी-नाले तमतमा आएं। वहीं सोन-गोपद नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बाणसागर देवलोद से पानी छोड़ा गया है।
जानकारी के अनुसार स्टेट कमांड सेंटर से सूचना प्राप्त हुई कि थाना बरगवां क्षेत्र के ग्राम ओड़गड़ी में कुछ लोग घर में फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही होमगार्ड एवं एसडीआरएफ की टीम आपदा उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम ओड़गड़ी में पहुंचकर टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। टीम ने घर में फंसे अवध कुमार साकेत उम्र 40 वर्ष, शांति देवी साकेत उम्र 35 वर्ष, विराट देव साकेत उम्र 13 वर्ष, रुद्र देव साकेत उम्र 9 वर्ष एवं परिधि साकेत उम्र 11 वर्ष सहित अन्य फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस पूरी कार्रवाई में होमगार्ड एवं एसडीआरएफ की टीम ने तत्परता दिखाते हुए आपदा की स्थिति में फंसे परिवार को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। राहत एवं बचाव दल की सक्रियता से सभी लोगों को सुरक्षित निकाले जाने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।
कंपनी के ऐश डाइक की बाउंड्री टूटी, दो बाईक बही
बरगवां क्षेत्र में एक औद्योगिक कंपनी के ऐश डाइक की बाउंड्री टूटने से पानी और राख आसपास के क्षेत्र में फैल गई। इसकी चपेट में आने से कई एकड़ फसल प्रभावित होने की बात सामने आई है। वहीं दो बाइक बह जाने की सूचना है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन भी प्रभावित हुआ। ग्रामीणों के अनुसार ऐश डाइक की बाउंड्री में पहले से दरार और लीकेज की स्थिति बनी हुई थी। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को जानकारी दिए जाने की बात भी ग्रामीणों ने कही है। बाउंड्री टूटने के बाद आसपास के ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने ऐश डाइक की सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने और प्रभावित क्षेत्र में आवश्यक इंतजाम किए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि बारिश के दौरान ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किया जाना जरूरी है।
तेज बारिश से मकान ढहा, दो तालाब भी फूटा
जिले में आज रविवार की अल सुबह से लेकर दोपहर तक हुई तेज बारिश से जहां कई नदी-नाले उफान पर आ गये हैं, वहीं बरगवां क्षेत्र के गिधेर गांव अंतर्गत कुदरटोला के दो तालाब फूट गये और चर्चा है कि तालाब का पानी खाखन नदी में पहुंचा, जिसके चलते इतना बाढ़ आया था। वहीं बरगवां तहसील क्षेत्र के बाघाडीह में पुतुल सोनी का रहाइशी मकान गिर जाने से घरेलू सामग्री बर्बाद हो गया।
