जबलपुर: चरगवां थाना अंतर्गत भड़पुरा नर्मदा घाट पर बुधवार शाम बहे दस वर्षीय लकी पाटिल की तलाश में शुक्रवार को पुन: एसडीआरएफ की टीम नदी में उतरी। सुबह से देर शाम तक रेस्क्यू चला। झांसी घाट तक टीमों ने तलाश की लेकिन कहीं पर भी उसका सुराग नहीं लग सका। अंधेरा होने से रेस्क्यू बंद कर दिया गया अब शनिवार को उसकी तलाश में सर्चिंग ऑपरेशन चलेगा।
विदित हो कि महाराष्ट्र के जलगांव जिले थाना एरंडोल, ग्राम खडग़े खुर्द निवासी गणेश पाटिल (34) अपनी पत्नी रवीना पाटिल, बड़े बेटे प्रसाद (16) और छोटे बेटे लकी पाटिल (10) के साथ चरगवां के ग्राम भड़पुरा स्थित नर्मदा घाट आश्रम आए थे। इस आश्रम में उनके ही गांव के सुनील पाटिल पिछले 4 साल से रह रहे हैं। उन्हीं से मिलने यह परिवार जबलपुर आया हुआ था।
बुधवार शाम करीब 5 बजे गणेश पाटिल अपने दोनों बेटों लकी व प्रसाद, परिचित सुनील पाटिल और अनिल पाटिल के साथ नर्मदा घाट पर नहाने के लिए गए थे। शाम लगभग 5:10 बजे नहाते समय अचानक छोटे बेटे लकी पाटिल का पैर फिसल गया था लकी को डूबता देख पिता गणेश पाटिल ने नदी में छलांग लगा दी थी। दोनों गहरे पानी में समा गए थे। बुधवार को अंधेरा होने से रेस्क्यू नहीं हुआ। गुरूवार को रेस्क्यू टीम ने शाम करीब सात बजे भड़पुरा से करीब पांच किमी की दूर पर नया घाट से गणेश का शव बरामद कर लिया था। लकी नहीं मिला था । शुक्रवार को पुन: रेस्क्यू ऑपरेशन चला लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं लग सका ।
