ग्वालियर: उर्वरक वितरण व्यवस्था में अनियमितता पाए जाने पर बहुउद्देश्यीय कृषि साख सहकारी संस्था घाटीगांव के प्रशासक ने संस्था के सहायक प्रबंधक घनश्याम शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं। निलंबन अवधि में शर्मा का मुख्यालय जिला सहकारी बैंक ग्वालियर शाखा घाटीगांव रहेगा। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
सहकारी समिति घाटीगांव में उर्वरक वितरण के संबंध में किसानों द्वारा की गई शिकायत की जाँच के दौरान अभिलेख देखे गए। निरीक्षण के दौरान पोर्टल पर प्रदर्शित स्टॉक एवं भौतिक सत्यापन के समय उपलब्ध स्टॉक में अंतर पाया गया। प्रथम दृष्टया स्टॉक में अंतर पाया जाना उर्वरक वितरण व्यवस्था में अनियमितता परिलक्षित होती है। सहायक प्रबंधक घनश्याम शर्मा द्वारा अनियमितता एवं अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने के कारण निलंबन आदेश जारी किया गया है।
