धामी की बड़ी घोषणा: अब 60 वर्ष से ऊपर की महिलाओं को रोडवेज बसों में मिलेगा मुफ्त सफर

देहरादून/नैनीताल 28 अगस्त (वार्ता) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रक्षाबंधन पर अपने गृह जिला भ्रमण के दौरान चकरपुर स्टेडियम में आयोजित रक्षाबंधन समारोह में शुक्रवार को महिलाओं के लिए कई घोषणाएं की।

श्री धामी ने महिलाओं को बड़ी सौगात देते हुए घोषणा की कि प्रदेश में वर्तमान में 65 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को रोडवेज बसों में उपलब्ध मुफ्त सफर की सुविधा को महिलाओं के लिए 60 वर्ष की आयु से लागू किया जाएगा। इससे प्रदेश की अधिकाधिक बुजुर्ग महिलाओं को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने महिलाओं की सुविधा, सुरक्षा और गरिमा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से युक्त हाईटेक टॉयलेट विकसित किए जाने की घोषणा की है। इन टॉयलेट्स में स्वच्छता के साथ-साथ महिलाओं की निजता, सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति की गरिमा और सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। प्रदेश के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, पर्यटन स्थलों और अन्य आवश्यक स्थानों पर आधुनिक एवं सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराकर महिलाओं के लिए अधिक सुविधाजनक और सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के अंतर्गत उत्तराखंड को मिलने वाली 137 इलेक्ट्रिक बसों में से देहरादून में संचालित होने वाली 100 बसों में 10 बसें महिलाओं के लिए पिंक ई-बस के रूप में समर्पित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस सुविधा को चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के अन्य क्षेत्रों तक भी विस्तारित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिल सके।

महिला सशक्तिकरण के लिए मुख्यमंत्री ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महिला स्वरोजगार योजना के तहत रियायती बैंक ऋण की सीमा दो लाख से बढ़ाकर 2.50 लाख रूपए करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार के लिए आवश्यक पूंजी उपलब्ध कराकर उन्हें रोजगार मांगने वाली नहीं, बल्कि रोजगार देने वाली बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है।

इस दौरान, श्री धामी को समारोह में उपस्थित बहनों ने उन्हें भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक रक्षासूत्र बांधा। मुख्यमंत्री ने सभी बहनों का अभिवादन करते हुए उन्हें रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

 

 

Next Post

जोबट पुलिस को मिली बड़ी सफलता, लूट और जैन मंदिर चोरी का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार

Fri Aug 28 , 2026
आलीराजपुर. पुलिस अधीक्षक रघुवंश कुमार सिंह के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जोबट पुलिस ने दो बड़ी वारदातों का खुलासा किया है। पुलिस ने एलएनटी फाइनेंस के कलेक्शन एजेंट से हुई 84 हजार की लूट और जैन मंदिर में हुई चोरी […]

You May Like