
भोपाल। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की 82वीं जयंती के अवसर पर भोपाल शहर जिला कांग्रेस कमेटी और भोपाल जिला कांग्रेस सेवादल द्वारा 20 अगस्त को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह 9.30 बजे सुभाष स्कूल स्थित सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा से सद्भावना मार्च के साथ होगी। मार्च बिट्टन मार्केट चौराहा स्थित राजीव गांधी की प्रतिमा पर पहुंचेगा। यहां सुबह 10.30 बजे प्रार्थना सभा और पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इसके बाद सुबह 11 बजे शिवाजी नगर स्थित प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में राजीव गांधी के चित्र पर कांग्रेस कार्यकर्ता पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। सुबह 11.30 बजे ट्रैफिक पार्क में आयोजित स्मृति कार्यक्रम में भी कार्यकर्ता शामिल होंगे।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना और सेवादल अध्यक्ष निहाल अहमद ने पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों के माध्यम से सद्भाव, एकता और राष्ट्र निर्माण के मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लिया जाएगा।
