बैटरी चोर गिरोह की पांचवीं वारदात, बजरंगगढ़ में एटीसी टावर से 72 बैटरियां चोरी

गुना: जिले के बजरंगगढ़ थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने सुरक्षा के तमाम दावों को ठेंगा दिखाते हुए एटीसी कंपनी के टावर से पूरा का पूरा बैटरी बैंक ही साफ कर दिया है।
बजरंगगढ़ स्थित स्थानीय टावर से एक साथ 72 बैटरियां चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जबकि घटना के समय चौकीदार हेमू रागी पास में ही सो रहा था। हैरानी की बात यह है कि जिले में टावर से बैटरी चोरी की यह पांचवीं बड़ी वारदात है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

इससे पहले मधुसूदनगढ़ के बड़ा आमला, सकतपुर और खटकिया सहित जिले के दो अन्य क्षेत्रों में भी चार अलग-अलग टावरों से 24-24 बैटरियां चोरी हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस अब तक इन चोरों तक पहुँचने में नाकाम रही है। टावर टेक्नीशियन वीरेंद्र नामदेव ने घटना की गंभीरता बताते हुए कहा कि चोरी हुई एक बैटरी का वजन लगभग 30 से 35 किलो होता है। ऐसे में 72 भारी-भरकम बैटरियों को एक साथ ले जाना किसी चार पहिया वाहन के बिना संभव नहीं है।

चोरों ने बड़ी चतुराई से किसी लोडिंग वाहन का उपयोग कर इस वारदात को अंजाम दिया है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा। बजरंगगढ़ थाना प्रभारी कृपाल सिंह परिहार ने बताया कि प्राथमिक जांच में घटनास्थल पर सब कुछ सुरक्षित मिला है। ताज्जुब की बात यह है कि टावर के गेट और ताले भी नहीं टूटे हैं, फिर भी इतनी बड़ी संख्या में बैटरियां गायब हो गर्इं। थाना प्रभारी के अनुसार यह मामला सघन जांच का विषय है और पुलिस हर पहलू से इसकी तफ्तीश कर रही है कि आखिर बिना किसी तोड़फोड़ के इतनी बड़ी चोरी को कैसे अंजाम दिया गया। फिलहाल, लगातार हो रही इन चोरियों से टेलीकॉम कंपनियों में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुटी है।

Next Post

पड़ौसी ने किया तलवार से हमला

Fri Feb 27 , 2026
इंदौर:अन्नपूर्णा क्षेत्र के घनश्याम दास नगर में आज सुबह दो पड़ोसियों के बीच पुराने विवाद में खूनी संघर्ष हो गया। गुस्से में पड़ोसी ने जितेंद्र उर्फ जीतू पर तलवार से हमला कर दिया, जिससे जितेंद्र की एक उंगली कट गई। पुलिस ने घायल को एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया है […]

You May Like