रक्षाबंधन पर क्राइम ब्रांच ने 238 लोगों को लौटाई खुशियां

इंदौर: रक्षाबंधन के मौके पर क्राइम ब्रांच ने 238 लोगों को उनके गुम हुए मोबाइल लौटाए. अलग अलग जगहों पर इस्तेमाल हो रहे इन मोबाइलों को साइबर सेल ने तकनीकी जांच के जरिए मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश और राजस्थान से बरामद किया. बरामद मोबाइलों की कीमत करीब 75 लाख रुपए है.
क्राइम ब्रांच की साइबर सेल को सिटीजन कॉप एप और केंद्र सरकार के सीईआईआर पोर्टल पर गुम और चोरी हुए मोबाइल की शिकायतें मिली थीं. इन शिकायतों के आधार पर आईएमईआई नंबर की तकनीकी जांच कर मोबाइलों की लोकेशन और इस्तेमाल की जानकारी जुटाई गई.

इसके बाद अलग अलग स्थानों से 238 मोबाइल बरामद किए. बरामद मोबाइलों में 11 आईफोन, 22 वनप्लस, 29 सैमसंग, 77 वीवो, 38 ओप्पो, 14 रियलमी और 16 रेडमी सहित विभिन्न कंपनियों के फोन शामिल हैं. इसके अलावा गूगल पिक्सल, मोटोरोला, नथिंग, पोको, टेक्नो, इनफिनिक्स, आईक्यू, आईटेल, एमआई और लावा के मोबाइल भी बरामद हुए हैं.
डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने नव भारत को बताया कि इस साल अब तक गुम मोबाइल से जुड़ी शिकायतों में कार्रवाई करते हुए 1045 मोबाइल बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे जा चुके हैं. उन्होंने बताया कि साइबर सेल की भूमिका गुम मोबाइलों की पहचान, उनकी तकनीकी लोकेशन और अलग अलग राज्यों से बरामदगी में क्राइम ब्रांच की साइबर सेल टीम की अहम भूमिका रही. रक्षाबंधन पर मोबाइल वापस मिलने से कई परिवारों के लिए यह कार्रवाई खास रही.

कई मोबाइल दूसरे राज्यों में हो रहे थे इस्तेमाल
खास बात यह है कि इंदौर से गुम हुए कई मोबाइल मध्यप्रदेश के बाहर दूसरे राज्यों में इस्तेमाल हो रहे थे. साइबर सेल ने तकनीकी माध्यम से इनका पता लगाकर बरामदगी की. मोबाइल गुम या चोरी होने पर इंदौर पुलिस की सिटीजन कॉप एप पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज की जा सकती है. इसके अलावा भारत सरकार के दूरसंचार विभाग के सीईआईआर संचार साथी पोर्टल पर आईएमईआई नंबर के जरिए मोबाइल को ब्लॉक करने की सुविधा है. पुलिस इसी आईएमईआई के आधार पर मोबाइल के दोबारा नेटवर्क पर सक्रिय होने की स्थिति में उसका पता लगाने की कार्रवाई करती है. मोबाइल गुम होने की शिकायत करते समय उसका बिल और आईएमईआई नंबर उपलब्ध रखना उपयोगी रहता है. मोबाइल मिलने पर शिकायत में दर्ज वैकल्पिक नंबर के जरिए आवेदक से संपर्क किया जाता है

Next Post

सर्पदंश पीडि़त बेटे और मृत सांप के साथ अस्पताल पहुंचा पिता

Fri Aug 28 , 2026
सतना :जिला चिकित्सालय में गुरुवार को उस वक्त लोग हैरत में पड़ गए जब सर्प दंश से पीडि़त बेटे के साथ मृत सांप को लेकर पिता वहां पहुंच गया. हलांकि बेटे का उपचार जारी है. लेकिन उसके स्वास्थ्य की गहन निगरानी की जा रही है.प्राप्त जानकारी के अनुसार मैहर जिले […]

You May Like