
ग्वालियर। बढ़ती महंगाई, खाद्य पदार्थों की लगातार बढ़ती कीमतों और आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ग्वालियर ग्रामीण के अध्यक्ष प्रभु दयाल जोहरे के नेतृत्व में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भितरवार द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कहा कि आज आम आदमी की रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है। रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन भाजपा सरकार जनता को राहत देने के बजाय महंगाई के मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए है।
जिला कांग्रेस कमेटी ग्वालियर ग्रामीण के अध्यक्ष प्रभु दयाल जोहरे ने कहा कि भाजपा सरकार के राज में महंगाई आम आदमी की सबसे बड़ी समस्या बन चुकी है। गरीब, किसान, मजदूर, युवा, महिलाएं और मध्यम वर्ग सभी महंगाई की मार झेल रहे हैं। भाजपा सरकार चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करती है, लेकिन सत्ता में आने के बाद जनता की मूलभूत समस्याओं से मुंह मोड़ लेती है। रसोई का खर्च बढ़ रहा है, घरेलू बजट बिगड़ रहा है और आम परिवारों की बचत लगातार कम हो रही है। कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज को दबने नहीं देगी। महंगाई के खिलाफ हमारा संघर्ष सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगा। भाजपा सरकार को जनता को जवाब देना होगा कि जब आम आदमी की आय सीमित है तो उसकी जरूरत की हर चीज लगातार महंगी क्यों होती जा रही है।” भितरवार विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर जनता की समस्याओं को उठाएंगे तथा भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का पुरजोर विरोध करेंगे।
