
कटनी। रंगनाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत बरगवां स्थित शराब दुकान के पास बुधवार (26 अगस्त) की सुबह एक 30 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को मौके पर बुलाया, जहां मृतक की शिनाख्त कैलवारा फाटक निवासी रवि रजक के रूप में हुई। युवक पिछले दो दिनों से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता था।
दवा लेने की बात कहकर घर से निकला था
कैलवारा फाटक (गायत्री मंदिर के पास) निवासी रवि रजक (30), पिता गोरेलाल रजक, बीते 24 अगस्त को परिजनों से मैहर दवा लेने जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की। कोई सुराग न मिलने पर परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा मौत का कारण
रंगनाथ थाना प्रभारी सिद्धार्थ राय ने बताया कि 26 अगस्त की सुबह सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
