
ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर के नवागत आयुक्त अभिषेक चौधरी ने मंगलवार को विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने से पहले उन्होंने शहर के प्रमुख मंदिरों में जाकर आशीर्वाद लिया।नवागत आयुक्त सबसे पहले अचलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन किया। इसके बाद वे मंशापूर्ण हनुमान मंदिर गए और वहां भी पूजा-अर्चना कर शहर के विकास और कल्याण की कामना की।
मंदिरों में दर्शन के बाद अभिषेक चौधरी सीधे नगर निगम मुख्यालय पहुंचे। मुख्यालय के मुख्य द्वार पर अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव, मुनीश सिकरवार, प्रदीप तोमर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
स्वागत के बाद निगमायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर परिचय प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने निगम की कार्यप्रणाली, चल रही परियोजनाओं और शहर की प्रमुख समस्याओं की जानकारी ली।
कार्यभार ग्रहण करते हुए उन्होंने कहा कि शहर की साफ-सफाई, सड़कों की मरम्मत, जल प्रदाय और अतिक्रमण हटाने जैसे मुद्दे उनकी प्राथमिकता में रहेंगे। नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देना और निगम के कार्यों में पारदर्शिता लाना उनका मुख्य उद्देश्य होगा।
