नयी दिल्ली, 24 अगस्त (वार्ता) आर्थिक और व्यापारिक क्षेत्र में भारत के महत्वपूर्ण भागीदार देशों के साथ उच्च स्तरीय वार्ताओं के जरिए सहयोग बढ़ाने के सिलसिले में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 25 अगस्त से 2 सितंबर तक कनाडा और अमेरिका की आधिकारिक यात्रा पर होंगी। इस यात्रा में वित्त मंत्री की अमेरिका यात्रा के कार्यक्रम 28 अगस्त से 2 सितंबर के तक चलेंगे और वह इस दौरान शिकागो, एशविले और न्यूयॉर्क की यात्रा पर रहेंगी।
वित्त मंत्रालय ने सोमवार को एक विज्ञप्ति में यह जानकारी देते हुए कहा कि यात्रा के दौरान द्विपक्षीय आर्थिक और वित्तीय साझेदारी को मजबूत करने, निवेश संबंधों को मजबूत करने और साझा वैश्विक आर्थिक प्राथमिकताओं पर सहयोग को आगे बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। श्रीमती सीतारमण का यह दौरा अभी पिछले सप्ताह उनकी सिंगापुर यात्रा के बाद हो रहा है जहां उन्होंने द्विपक्षीय मंत्रिस्तरीय गोलमेज आर्थिक-व्यापारिक बैठक में भारतीय दल का नेतृत्व किया था। उस दल में विदेश, वाणिज्य एवं उद्योग और इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी (मेइटी) विभाग के मंत्री थी।
अपनी कनाडा यात्रा के दौरान श्रीमती सीतारमण टोरंटो में वहां के वित्त और राष्ट्रीय राजस्व मंत्री फ्रैंकओइस-फिलिप शैम्पेन के साथ उद्घाटन आर्थिक और वित्तीय वार्ता में भाग लेंगी। यह बैठक दोनों पक्षों को व्यापक आर्थिक विकास, वित्तीय क्षेत्र सहयोग, द्विपक्षीय निवेश के अवसरों और साझा अंतरराष्ट्रीय प्राथमिकताओं पर विचारों का आदान-प्रदान करने और नवीनीकृत भारत-कनाडा साझेदारी के आर्थिक और वित्तीय स्तंभ को और मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा।
वैश्विक व्यापार परिदृश्य में उथल पुथल के बीच भारत और कनाडा के बीच हाल के महीनों में द्विपक्षीय चर्चाओं में व्यापक मुक्त व्यापार समझौते ( आर्थिक भागीदारी समझौते (सीईपीए)) की दिशा में चल रहे प्रयासों के साथ-साथ ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिजों, प्रौद्योगिकी, नवाचार और सशक्त आपूर्ति श्रृंखलाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के अवसरों पर भी चर्चा की जा रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की अस्थिरता पैदा कर रही प्रशुल्क नीतियों से भारत और कनाडा दोनों प्रभावित हुए हैं।
श्रीमती सीतारमण कनाडा की यात्रा में वहां प्रमुख सीईओ, अध्यक्षों और वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ एक निवेश गोलमेज सम्मेलन में भाग लेंगी, जिनमें मुख्यत: ऊर्जा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और महत्वपूर्ण खनिज क्षेत्रों की कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। वह भारत में गांधीनगर स्थित गिफ्ट सिटी-आईएफएससी में निवेश के अवसरों सहित भारत और कनाडा के बीच अधिक से अधिक व्यापार-से-व्यवसाय संबंधों को सुविधाजनक बनाने, निवेश के अवसरों की पहचान करने और दीर्घकालिक वाणिज्यिक साझेदारी को बढ़ावा देने पर चर्चा करेंगी।
एक अन्य व्यापार गोलमेज सम्मेलन में, केंद्रीय वित्त मंत्री कनाडा-भारत सहयोग, दीर्घकालिक निवेश और वित्तीय क्षेत्र के विकास के अवसरों पर वरिष्ठ व्यापारिक हस्तियों के साथ बातचीत करेंगी। इसमें भारत के कुछ सार्वजनिक बैंकों के वरिष्ठ प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी भी भाग लेंगे।
कनाडा-भारत व्यापार परिषद और कैनेडियन क्लब ऑफ टोरंटो ने मिल कर श्रीमती सीतारमण और वित्त मंत्री श्री शैंपेन के बीच एक अनौपचारिक बातचीत का आयोजन किया है । श्रीमती सीतारमण कनाडा स्थित कंपनियों के सीईओ और वरिष्ठ नेतृत्व के साथ आमने-सामने की बैठकें भी करेंगी। वह टोरंटो में प्रवासी भारतीयों के साथ बातचीत करेंगी।
अमेरिका में अपने प्रवास के दौरान वित्त मंत्री शिकागो में प्रमुख निवेशकों के साथ एक गोलमेज सम्मेलन में भाग लेंगी और निजी क्षेत्र के प्रमुख सीईओ, अध्यक्षों और वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करेंगी। वहां वह कुछ चुनिंदा अमेरिकी कंपनियों के सीईओ और वरिष्ठ नेतृत्व के साथ अलग-अलग बैठकें भी करेंगी।
श्रीमती सीतारमण शिकागो विश्वविद्यालय में पोल्स्की सेंटर फॉर एंटरप्रेन्योरशिप एंड इनोवेशन का भी दौरा करेंगी, जहां वे उद्यमिता, नवाचार, प्रौद्योगिकी व्यावसायीकरण और भारत के तेजी से बढ़ते स्टार्टअप और नवाचार इकोसिस्टम के साथ संबंधों को मजबूत करने पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगी। वहां उनका शिकागो में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों से मिलने का भी कार्यक्रम है।
वहां से वह 31 अगस्त और 1 सितंबर को उत्तरी कैरोलिना के एशविले में जी20 की अमेरिका की अध्यक्षता के अंतर्गत समूह के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों (एफएमसीबीजी) की बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगी। इस बैठक से पहले 29 और 30 अगस्त को जी20 वित्त विभागों और केंद्रीय बैंकों के अधिकारियों की बैठकें आयोजित की गयी हैं।
वहां से श्रीमती सीतारमण न्यूयार्क जाएंगी और वहां की प्रमुख कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों और वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ एक निवेशक गोलमेज सम्मेलन में भाग लेंगी। वित्त मंत्री को न्यूयॉर्क के नैस्डैक शेयर बाजार ने भी आमंत्रित किया है जहां वह बाजार के परम्परागत ‘घंटा वादन’ समारोह में शामिल होंगी। नैस्डैक दुनिया का एक अग्रणी वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक मार्केटप्लेस और दुनिया के अग्रणी प्रौद्योगिकी-संचालित वित्तीय बाजार है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि वित्त मंत्री की यह यात्रा प्रौद्योगिकी-संचालित वित्तीय बाजारों में विकास और प्रौद्योगिकी और पूंजी बाजारों के बीच विकसित इंटरफेस के बारे में अंतर्दृष्टि प्राप्त करने का अवसर प्रदान करेगी।
