
सीधी । जिले के अमिलिया थाना अंतर्गत कैमोर घाट के मूड़ा पहाड़ में बारिश के चलते सडक़ का बड़ा हिस्सा धसक चुका है। जिस तरह से बारिश का सीजन चल रहा है ऐसे में यदि सावधानी नहीं बरती गई तो भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान बड़ा हादसा हो सकता है। अमिलिया-हनुमना मार्ग काफी व्यस्ततम मार्ग होने के साथ ही यहां भारी वाहनों की आवाजाही भी काफी ज्यादा रहती है। मूड़ा स्थित मंदिर से करीब 100 मीटर पहले सडक़ का एक बड़ा हिस्सा धसक चुका है। सुरक्षा के लिहाज से सडक़ के एक हिस्से को राहगीरों ने छोटे-छोटे पत्थर रखकर अस्थाई रूप से बंद करने का प्रयास शुरू में ही किया था। यह व्यवस्था किसी बड़े हादसे को रोंकने के लिए पर्याप्त नहीं है।
चिंता की बात यह है कि क्षतिग्रस्त सडक़ के समीप ही अंधा मोड़ भी मौजूद है। रात के अंधेरे में तेज रफ्तार से आने वाले वाहन चालकों को सडक़ की वास्तविक स्थिति का समय रहते अंदाजा लगाने में काफी दिक्कतें होंगी। स्थानी परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन को तत्काल बैरीकेट्स चेतावनी संकेतक एवं पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए साथ ही क्षतिग्रस्त सडक़ के हिस्से की मरम्मत कर मार्ग को सुरक्षित बनाया जाए।
