सतना : पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब का जन्मदिवस ईद मिलाद-उन-नबी 26 अगस्त बुधवार को पूरे श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया जाएगा. पर्व को लेकर मुस्लिम समाज और मस्जिदों में तैयारियां तेजी से चल रही हैं.
पर्व की पूर्व संध्या यानी 25 अगस्त की रात शहर भर की मस्जिदों में विशेष तकरीरी जलसों और महफिलों का आयोजन होगा. उलमा-ए-किराम हजरत मोहम्मद साहब की हयात, उनके बताए अमन व भाईचारे के पैगाम और सीरत पर रोशनी डालेंगे. इस दौरान रात भर इबादत, कुरान ख्वानी और सलातो-सलाम का सिलसिला चलेगा.
शहर की प्रसिद्ध कंपनी बाग मस्जिद में इस अवसर पर विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं. मस्जिद में पैगंबर साहब का मू-ए-मुबारक महफूज रखा गया है.
इसे देखने के लिए शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे. मस्जिद प्रबंध समिति ने व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं.
