आर्थिक दबाव अमेरिका की ‘धौंस’ दिखाने वाली नीति का हिस्सा : अराघची

तेहरान, 23 अगस्त (वार्ता) ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने रविवार को अमेरिका की ओर से शुरू किये गये नये आर्थिक दबाव अभियान को खारिज करते हुए इसे ईरान के खिलाफ अमेरिका की पुरानी ‘धौंस’ नीति की पुनरावृत्ति करार दिया।

श्री अराघची ने कहा कि अमेरिका के ताजा कदम उसी परिदृश्य का हिस्सा हैं, जिसका ईरान पहले भी कई बार सामना कर चुका है और उससे निपटना जानता है।

उन्होंने कहा कि अमेरिका ने एक बार फिर सैन्य कार्रवाई और हमले की धमकियों से पीछे हटकर आर्थिक दबाव का रास्ता अपनाया है, जो अमेरिकी पक्ष की हताशा को दर्शाता है।

श्री अराघची के अनुसार, अमेरिका ईरान के प्रति कोई नया रुख अपनाने में बार-बार विफल रहा है और अब भी उन्हीं ‘पुरानी योजनाओं’ पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के पास एकमात्र विकल्प ईरानी जनता के साथ सम्मानजनक तरीके से बातचीत करना और न्याय तथा गरिमा पर आधारित समाधान तलाशना है।

श्री अराघची ने कहा, “श्री डोनाल्ड ट्रंप जिस आर्थिक अभियान की बात कर रहे हैं, वह एक और दोहराया जाने वाला परिदृश्य और वही पुरानी अमेरिकी धौंस है, जो हमेशा उसकी नीतियों की विशेषता रही है। दूसरे शब्दों में, यह ऐसा कार्यक्रम है जिसे हम कई बार देख चुके हैं और जानते हैं कि इससे कैसे निपटना है।”

उन्होंने कहा, “वह एक बार फिर सैन्य अभियान और हमले की धमकियों की बात से उन्हीं पुरानी योजनाओं की ओर लौट आए हैं। यह दिखाता है कि वे हताश हैं।”

ईरानी विदेश मंत्री ने कहा कि अमेरिका ‘महान ईरानी राष्ट्र’ के संबंध में कोई समाधान नहीं सोच पा रहा है और बार-बार उन्हीं योजनाओं को सामने ला रहा है।

उन्होंने कहा, “उन्हें समझना चाहिए कि ईरानी जनता के साथ सम्मानपूर्वक बातचीत करने और न्याय एवं गरिमा पर आधारित समाधान तलाशने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।” श्री अराघची की यह टिप्पणी ईरान पर अमेरिकी दबाव तथा उसकी नीतियों और क्षेत्रीय गतिविधियों को लेकर जारी तनाव के बीच आयी है।

Next Post

अमेरिका के नये आर्थिक अभियान की तैयारी के बीच ईरान ने खाड़ी से तेल आपूर्ति रोकने की धमकी दी

Sun Aug 23 , 2026
ईरान, 23 अगस्त (वार्ता) ईरान के नये सुरक्षा प्रमुख ने रविवार को चेतावनी दी कि यदि खाड़ी देश अमेरिका के आर्थिक दबाव अभियान में सहयोग करते हैं तो ईरान संघर्ष का दायरा बढ़ाने के लिए तैयार है। उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल की आवाजाही रोकने और तेल निर्यात के वैकल्पिक […]

You May Like