गोरबी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रुद्र प्रताप सिंह का निधन, पुलिस महकमे में शोक की लहर

सिंगरौली: जिले के गोरबी चौकी में प्रभारी के पद पर पदस्थ उपनिरीक्षक रुद्र प्रताप सिंह का देर रात इलाज के दौरान निधन हो गया। वे लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और उनका उपचार उत्तर प्रदेश के लखनऊ में चल रहा था। रात करीब 1:20 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही पुलिस महकमे के साथ-साथ क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

बताया गया कि उपनिरीक्षक रुद्र प्रताप सिंह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। हालत बिगड़ने पर पहले उन्हें उपचार के लिए वाराणसी ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया था। चिकित्सकों द्वारा उपचार के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका और देर रात उनका निधन हो गया। निधन के बाद परिजन उनके पार्थिव शरीर को बनारस लेकर पहुंचे, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

करीब 40 साल तक पुलिस विभाग में दी सेवाएं
उपनिरीक्षक रुद्र प्रताप सिंह ने करीब चार दशक तक पुलिस विभाग में सेवाएं दीं। वर्तमान में वे मोरवा थाना क्षेत्र की गोरबी चौकी में प्रभारी के रूप में पदस्थ थे। पुलिसिंग में उनकी अलग पहचान थी और क्षेत्र में उन्हें उनकी कार्यशैली तथा मामलों की गहन जांच के लिए जाना जाता था। स्थानीय लोग उन्हें लोकप्रिय रूप से ‘सीआईडी’ के नाम से भी जानते थे।

बीमारी से जूझने के बावजूद वे लंबे समय तक अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहे। सेवा काल के दौरान उन्होंने कई जटिल मामलों की जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और मामलों के खुलासे के लिए भी जाने जाते रहे।

अधिकारियों और सहकर्मियों ने जताया शोक
रुद्र प्रताप सिंह के निधन की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों और क्षेत्र के नागरिकों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिसकर्मियों ने उनके निधन को विभाग के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके निधन से पुलिस विभाग में लंबे समय तक साथ काम करने वाले सहकर्मियों में भी गहरा दुख व्याप्त है।

Next Post

ऑस्ट्रेलिया ने बंगलादेश को पारी और 51 रनों हराया और सीरीज 1-1 से बराबर की

Sun Aug 23 , 2026
मैके,(ऑस्ट्रेलिया) 23 अगस्त (वार्ता) मिचेल स्टार्क (चार विकेट), पैट कमिंस और नेथन लायन (तीन-तीन विकेट) के बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन रविवार को बंगलादेश को दूसरी परी में 95 रन पर ढेर कर मुकाबला पारी और 51 रनों से अपने नाम कर लिया। […]

You May Like