गुना: जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार 71 वर्षीय वृद्धा की मौत हो गई, जबकि उनका नाती गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा शनिवार दोपहर श्रीपुर गांव के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार चालक वृद्धा को कुचलते हुए मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुना जिले के बरखेड़ा गांव की निवासी 71 वर्षीय श्रीबाई यादव अपने नाती कान्हा यादव के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर शिवपुरी जिले के ऐजवारा स्थित अपने मायके जा रही थीं। जब वे श्रीपुर गांव के पास पहुँचे, तभी एक अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक से उछਲकर सड़क पर जा गिरे। आरोप है कि बाइक से गिरने के बाद कार चालक ने घायल वृद्धा को अपनी गाड़ी से कुचल दिया और बिना रुके मौके से फरार हो गया।
दुर्घटना की सूचना मिलने पर ‘डायल 112’ की टीम तुरंत मौके पर पहुँची और पुलिस सहायता से दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुँचाया गया। अस्पताल में जाँच के दौरान डॉक्टरों ने 71 वर्षीय श्रीबाई यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल उनके नाती कान्हा यादव का उपचार किया जा रहा है।
रविवार सुबह गुना जिला अस्पताल में मृतका का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
