
छिंदवाड़ा. मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तीसरे सप्ताह में भी नगर निगम आयुक्त चंद्र प्रकाश राय निगम अमले के साथ स्वयं फील्ड पर उतरे और वार्डों का निरीक्षण किया। आयुक्त चंद्र प्रकाश राय मैदानी स्थिति का जायजा लेने वार्ड क्रमांक 3 एवं वार्ड क्रमांक 4 पहुंचे। निरीक्षण के दौरान वार्ड क्रमांक 3 के पार्षद राहुल उइके एवं वार्ड क्रमांक 4 के पार्षद उदय सिंह पटेल तथा निगम अधिकारियों की उपस्थिति में आयुक्त एवं जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रवासियों से सीधा संवाद स्थापित किया। अधिकारियों ने सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों, जन आकांक्षाओं से प्राप्त आवेदनों तथा पीएम आवास, पेयजल व स्वच्छता संबंधी शिकायतों का मौके पर ही परीक्षण कर उनका निराकरण किया।
सीवरेज कार्यों पर सख्त रवैया एवं स्वच्छता का संदेश ०००००
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त चंद्र प्रकाश राय द्वारा सीवरेज संबंधी कार्यों की धीमी गति एवं कमियों को लेकर सख्त अप्रसन्नता व्यक्त की गई। उन्होंने संबंधित उपयंत्री को सीवरेज व्यवस्था में तत्काल आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने स्पष्ट हिदायत दी कि सभी सीवर कनेक्शनों को अनिवार्य रूप से निर्धारित चैंबरों से ही जोड़ा जाए ताकि सड़कों व नालियों में जलभराव न हो। इसके साथ ही आयुक्त एवं जनप्रतिनिधियों ने वार्डवासियों से बातचीत कर उन्हें अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने हेतु जागरूक किया।
योजनाओं का दिलाया लाभ ००००
वार्ड में एक ऐसा परिवार सामने आया जिसके दोनों सदस्य दिव्यांग (विकलांग) थे। आयुक्त ने मौके पर ही मौजूद स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को निर्देशित किया कि उक्त परिवार का मेडिकल बोर्ड से समन्वय बनाकर तत्काल दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाना सुनिश्चित करें। विशेष रूप से निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के पात्र हितग्राही को स्वीकृति पत्र का लाभ प्रदान किया गया तथा मौके पर ही 9 विवाह प्रमाण पत्र जारी कर हितग्राहियों को सौंपे गए। अधिकारियों ने वार्ड में डोर-टू-डोर संपर्क कर नए पात्र हितग्राहियों को चिन्हित किया और आगामी समय में नियमानुसार शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
